लखनऊ,
25 अक्टूबर, 2016। ( उ.प्र.समाचार सेवा)।
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने कहा है
कि परिवार और सरकार में कोई विवाद नहीं है। उन्होंने
स्पष्ट किया कि वह मुख्यमंत्री नहीं बन रहे हैं। अखिलेश
यादव ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। लेकिन, अगले चुनाव के
बाद बहुमत आने पर विधायक मुख्यमंत्री का चुनाव करेंगे।
श्री यादव ने कहा कि अखिलेश यादव सरकार चलाएंगे और पार्टी
शिवपाल सिंह यादव चलाएंगे। वह मंगलवार को पार्टी
कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
श्री यादव
ने प्रेस कांफ्रेंस शुरु होते ही पत्रकारों से कहा कि
मेरी प्रार्थना है कि जो कहा जाए वही लिखिएगा। उन्होंने
कहा कि परिवार और सरकार में सब ठीक है, शिवपाल सिंह यादव
के मंत्रिमण्डल में वापसी का फैसला अखिलेश यादव करेंगे।
उन्होंने अमर सिंह के बारे में एक बार फिर स्पष्ट करते
हुए कहा कि वह पार्टी में रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी
के लोगों से अपील करता हूं कि जनता के लिए काम करें। कुछ
लोग साजिश कर रहे हैं, षडयन्त्रकारी हैं, उन लोगों का
कोई जनाधार नहीं है। प्रेस कांफ्रेंस में रामगोपाल यादव
के बारे में बात करने पर उन्होंन कहा कि उनके बारे में
बात करना बेमानी है।
मुख्यमंत्री पद संभालने के सपाल पर यादव ने कहा कि अब वे
दो महीने के लिए क्या मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा
कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बने रहने पर कोई विवाद नहीं
है। प्रेस कांफ्रेस में शिवपाल सिंह यादव और उनके साथ
बर्खास्त किये गए तीनों मंत्री नारद राय, ओमप्रकाश सिंह
और सादाब फातिमा भी मंच पर मोजूद थीं। हालांकि अखिलेश
यादव इस मौके पर पत्रकार वार्ता में मौजूद नहीं थे।