किसान बिलों के खिलाफ कांग्रेस का राजधानी में धरना, प्रदर्शन, अध्यक्ष लल्लू गिरफ्तार
प्रसपा कार्यकर्ताओं पर पु लिस ने किया लाठी चार्ज, कई चोटिल
Tags: Kisan Bill, Congress, Lucknow
Publised on : 2020:09:28 Time 17:15 Last
Update on : 2020:09:28 Time 17:15
लखनऊ, 28 सितंबर । ( उ.प्र.समाचार सेवा )। किसान बिलों के विरोध में कांग्रेस और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने सोमवार को राजधानी में उग्र प्रदर्शन किये। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को पुलिस ने साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया,
जबकि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लाठी चार्ज करके तितर बितर कर दिया गया।
ज्ञातव्य है कि कुछ किसान संगठन और कांग्रेस समेत विपक्षी दल केन्द्र सरकार द्वारा लाये किसान विधेयकों का विरोध कर रहे हैं। इन्हें किसान विरोधी तथा पूंजीपतियों के समर्थन वाला बताकर विरोध किया जा रहा है। इस विरोध में कांग्रेस ने अगुआई की है। देशभर में कांग्रेस किसान बिलों के खिलाफ
प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में आज राजधानी में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता परिवर्तन चौक पर एकत्रित हुए। यहां से कांग्रेसी विधान भवन की ओर मार्च करना चाहते थे किन्तु पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इससे कांग्रेस
कर्यकर्ता धरने पर बैठ गए। विरोध प्रदर्शन और धरने की वजह से परिवर्तन चौक पर कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष समेत कई प्रमुख कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार करके ईको पार्क ले गई वहां से सभी को रिहा कर दिया गया। कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक और धक्कामुक्की भी हुई। प्रदशे अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू , प्रदीप कन्नौजिया, एनएसयूआई के राहुल मिश्र समेत कई अन्य नेता भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन की जानकारी पुलिस को पहले से हो गयी थी। सभी नेताओं को
गिरफ्तार कर लिया। इस बीच कांग्रेसी सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए नारेबाजी करते रहे।
उधर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री आवास तक जाने का प्रयास किया। उन्हें रास्ते में ही पुलिस ने लाठी चार्ज करके तितर बितर कर दिया।
विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही चाक चौबंद व्यवस्था की थी। राजधानी की ओर अन्य जिलो से आने वाली सीमाओं पर कड़ी चौकसी रखी गई थी। आने वाले सभी वाहनों को चेक किया जा रहा था। इसीलिए बाराबकी की ओर से आने वाले प्रदर्शनकारियों को सीमा पर ही रोक लिया गया।