निवेश आकर्षित करने के लिए करें नीतियों में परिवर्तनः योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 23 मई 2020 ( उ.प्र.समाचार सेवा)।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में निवेश आमंत्रित करने के लिए नीतियों में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किये जाएं। श्री आदित्यनाथ शनिवार को अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर सूचना प्रौद्योगिकी तथा इलेक्ट्रानिक्स विभाग की ओर से आगामी 28 मई, 2020 को इन्वेस्ट इण्डिया एक्सक्लूसिव
इन्वेस्टमेन्ट फोरम द्वारा आयोजित किए जा रहे वेबिनार के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य में सबसे आकर्षक निवेश सम्बन्धी नीतियां मौजूद हैं। इसके बाद भी यदि निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से आवश्यकता पड़ने पर इनमें बदलाव किया जाए। इच्छुक निवेशकों को आसानी से भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्हें निवेश के फायदों के बारे
में विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्हें यहां मौजूद अवस्थापना सुविधाओं, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, विशाल बाजार, कुशल मानव शक्ति की उपलब्धता इत्यादि के विषय में विस्तार से सूचित किया जाए। प्रदेश में मौजूद अच्छी हवाई कनेक्टिविटी के विषय में भी निवेशकों को अवगत कराया जाए। वर्तमान सरकार द्वारा निवेश के लिए बनाए
गए सकारात्मक माहौल के सम्बन्ध में भी जानकारी दी जाए। प्रदेश की कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की गई है, जो निवेश और औद्योगिक विकास के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री को वेबिनार की तैयारियों के सम्बन्ध में अवगत कराते हुए प्रमुख सचिव सूचना प्रौद्योगिकी तथा इलेक्ट्राॅनिक्स आलोक कुमार ने बताया कि इलेक्ट्राॅनिक्स सिस्टम डिजाइन एण्ड मैन्युफैक्चरिंग के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण तैयार कर इन्वेस्ट इण्डिया को भेजा जा चुका है। साथ ही, इस सम्बन्ध में
अन्य तैयारियां भी की जा रही हैं। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल एवं संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ
अधिकारी मौजूद थे। |